
विवाह में हर दंपति का स्वभाव अलग होता है। कहीं पति निर्णय लेने में आगे रहता है, कहीं पत्नी का व्यक्तित्व अधिक प्रभावशाली होता है और कहीं दोनों इतने मजबूत होते हैं कि छोटी-सी बात भी “मेरी बात या तुम्हारी बात” का विषय बन जाती है।
ज्योतिष में इसे समझने का बेहतर तरीका :
सबसे पहले कुंडली को दो हिस्सों में समझिए। लग्न, लग्नेश (प्रथम भाव) – स्वयं जातक।
सप्तम भाव और सप्तमेश – जीवनसाथी।
अब दोनों पक्षों की शक्ति की तुलना कीजिए। जिस पक्ष का ग्रहबल अधिक होगा, वैवाहिक जीवन के निर्णयों में उसका प्रभाव सामान्यतः अधिक दिखाई देगा।
अगर लग्नेश बहुत मजबूत है और सप्तमेश अपेक्षाकृत कमजोर है, तो जातक स्वयं अपनी बात और निर्णय पर अधिक टिकता है। पुरुष की कुंडली में यह पति के प्रभाव को और स्त्री की कुंडली में पत्नी के प्रभाव को मजबूत करता है। इसके विपरीत सप्तमेश लग्नेश से अधिक बलवान हो तो जीवनसाथी का व्यक्तित्व विवाह पर अधिक प्रभाव डालता है। पुरुष की कुंडली में पत्नी और स्त्री की कुंडली में पति अधिक प्रभावशाली भूमिका में दिखाई देता है।
लेकिन केवल ग्रह मजबूत होना ही “दबंग” होने का प्रमाण नहीं है। यहाँ मंगल और सूर्य की भूमिका देखनी चाहिए। सप्तम भाव में बलवान मंगल हो, सप्तमेश मंगल के साथ युति करे अथवा मंगल अपनी चौथी, सातवीं या आठवीं दृष्टि से सप्तमेश को प्रभावित करे तो जीवनसाथी में साहस, तेजी, स्पष्टवादिता और अपनी बात पर टिकने की प्रवृत्ति बढ़ती है। अगर यही मंगल पीड़ित और असंतुलित हो तो साहस की जगह क्रोध, बहस और अपनी बात मनवाने की जिद अधिक दिखाई देती है।
सूर्य बताता है – मेरी प्रतिष्ठा और मेरा अधिकार।
सप्तम भाव या सप्तमेश पर बलवान सूर्य का प्रभाव हो तो जीवनसाथी में आत्मसम्मान, नेतृत्व और निर्णय लेने की प्रवृत्ति मजबूत रहती है। लेकिन सूर्य पीड़ित हो और साथ में मंगल जैसे तेज ग्रह का प्रभाव भी जुड़ जाए तो विवाह में किसकी बात मानी जाएगी?यह प्रश्न बार-बार उठ सकता है।
एक रोचक स्थिति तब बनती है जब सूर्य और मंगल का प्रभाव सप्तम पक्ष पर अधिक हो। ऐसा जीवनसाथी केवल मजबूत व्यक्तित्व वाला नहीं होता, बल्कि घर के निर्णयों में अपनी भूमिका स्पष्ट रखना चाहता है।
शुभ ग्रहों का संतुलन हो तो वही व्यक्ति परिवार का मजबूत नेतृत्व करता है। संतुलन न हो तो नेतृत्व धीरे-धीरे नियंत्रण में बदल जाता है।
अब यही स्थिति उलट दीजिए। लग्न, लग्नेश या प्रथम भाव पर सूर्य-मंगल का मजबूत प्रभाव हो और सप्तम पक्ष कमजोर हो तो स्वयं जातक अधिक प्रभावशाली भूमिका में रहता है। यानी दबंग पति या पत्नी का निर्णय केवल सप्तम भाव से नहीं होगा।
पहले यह तय करना होगा कि जिस व्यक्ति की कुंडली देख रहे हैं उसमें शक्ति स्वयं के पक्ष में अधिक है या जीवनसाथी के पक्ष में।
शनि का दबंगपन अलग प्रकार का होता है। मंगल कहता है – अभी मेरी बात सुनो। सूर्य कहता है – मेरा अधिकार स्वीकार करो। लेकिन शनि कहता है – व्यवस्था मेरे नियम से चलेगी।
सप्तम भाव या सप्तमेश पर शनि का कठोर प्रभाव हो तो जीवनसाथी अनुशासनप्रिय, गंभीर, नियमों पर अड़ा रहने वाला और निर्णय बदलने में कठिन हो सकता है। पीड़ित शनि होने पर यही स्वभाव नियंत्रण और भावनात्मक कठोरता में बदल सकता है।
राहु की कहानी और अलग है। सप्तम भाव या सप्तमेश पर राहु का प्रबल प्रभाव संबंधों में असामान्य अपेक्षाएँ, मनोवैज्ञानिक खींचतान और नियंत्रण की इच्छा बढ़ा सकता है। राहु के साथ सूर्य या मंगल भी जुड़ जाएँ तो शक्ति-संघर्ष अधिक तीखा हो सकता है। इसलिए राहु को अकेले देखकर दबंग जीवनसाथी नहीं कहना चाहिए। वह किस ग्रह के साथ है और सप्तमेश की वास्तविक स्थिति कैसी है, यह अधिक महत्वपूर्ण है।
सप्तमेश प्रथम भाव में हो तो जीवनसाथी का प्रभाव सीधे जातक के व्यक्तित्व और जीवन पर आता है।
अगर सप्तमेश लग्नेश से भी अधिक मजबूत हो तो विवाह के बाद जीवनसाथी की राय और निर्णयों का प्रभाव बहुत स्पष्ट दिखाई देता है।
दूसरी ओर लग्नेश सप्तम भाव में जाकर कमजोर हो और सप्तमेश मजबूत हो तो जातक कई परिस्थितियों में जीवनसाथी की इच्छा के अनुसार स्वयं को ढालता हुआ दिखाई देता है।
सबसे दिलचस्प स्थिति तब होती है जब लग्नेश और सप्तमेश दोनों शक्तिशाली हों। अगर दोनों पक्षों को सूर्य, मंगल या क्रूर ग्रहों का सहयोग भी मिल रहा हो तो विवाह में कोई आसानी से पीछे नहीं हटता।
यहाँ पति दबंग या पत्नी दबंग से अधिक सही प्रश्न होता है – दोनों में समझौता कौन करेगा?
ऐसे विवाह में प्रेम होने के बावजूद निर्णय, अधिकार और व्यक्तिगत स्वतंत्रता को लेकर टकराव अधिक हो सकता है। नवांश कुंडली यहाँ कहानी का दूसरा अध्याय खोलती है। जन्मकुंडली में लग्न-सप्तम का जो एनर्जी बैलेंस दिखाई दे रहा है, उसे नवांश में अवश्य जाँचिए।
नवांश का सप्तम भाव, सप्तमेश, नवांश लग्न और संबंधित ग्रह बताते हैं कि विवाह के वास्तविक जीवन में यह स्वभाव किस रूप में सामने आता है।
कई बार जन्मकुंडली में जीवनसाथी सामान्य दिखाई देता है, लेकिन नवांश में सप्तम पक्ष पर सूर्य-मंगल का मजबूत प्रभाव विवाह के बाद उसके प्रभावशाली स्वभाव को अधिक स्पष्ट कर देता है।
इसलिए फलादेश करते समय एक छोटा-सा क्रम रखिए – पहले लग्न और सप्तम भाव की तुलना। फिर लग्नेश और सप्तमेश का ग्रहबल। फिर दोनों पर सूर्य, मंगल, शनि और राहु का प्रभाव। इसके बाद शुभ ग्रहों से मिलने वाला संतुलन। और अंत में नवांश से कन्फर्मेशन।
एक बात विशेष रूप से याद रखिए की प्रभावशाली जीवनसाथी और दबंग जीवनसाथी में अंतर है।
मजबूत मंगल निर्णय लेने का साहस देता है। मजबूत सूर्य नेतृत्व देता है। मजबूत शनि अनुशासन देता है। लेकिन यही ग्रह पीड़ित होकर संबंधों में अहं, क्रोध, जिद, कठोरता और नियंत्रण बढ़ाएँ, तब स्वभाव दबंग रूप लेने लगता है।