
राहु एक विच्छेदात्मक ग्रह है, जब इसका प्रभाव सप्तम भाव से संबंधित बातों पर पड़ता है यथा, सप्तमभाव के स्वामी व शुक्र पर पड़ता है तो यह प्रभाव जातक के विवाह में विलम्ब, जात्येतर सम्बन्ध, अलगाव, व तलाक की और संकेत करता है। यदि राहू के साथ शनि और सूर्य का प्रभाव भी सप्तम भाव से संबंधित घटकों पर हो तो अशुभ फलों में और तीव्रता आ जाती है। यदि किसी कुंडली में राहू, शनि की युति हो तो शनि का प्रभाव दुगना हो जाता है।
1- यदि मेष, वृषभ, या कर्क राशि का राहू तीसरे, षष्ठ अथवा एकादश भाव में हो तो, यह राहू अनेक अशुभ फलों का नाश कर देता है।
2- यदि राहू केंद्र, त्रिकोण 1, 4, 7, 10, 5, 9 वें भाव में हो और केन्द्रेश या त्रिकोणेश से सम्बन्ध रखता हो तो यह राज योग प्रदान कर देता है।
3-यदि 10 वें भाव में राहू हो तो, यह राहू नेतृत्व शक्ति प्रदान करता है।
4- यदि सूर्य, चन्द्र के साथ राहू हो तो, यह राहू इनकी शक्ति को कम करता है।
5- राहू की दृष्टि सप्तम भाव, सप्तमेश, मंगल, व शुक्र पर हो तो, ऐसी जातिका अंतर्जातीय विवाह करती है।
6- जिस जातिका के पंचम भाव में राहू होता है, उस जातिका का मासिक धर्म अनियमित होता है, जिस कारण से जातिका को संतान होने में परेशानी हो सकती है।
7- यदि पंचम भाव में कर्क, वृश्चिक अथवा मीन राशि हो और उसमें राहू, शुक्र की युति हो तो, वह जातिका प्रेम जाल में फंस जाती है।
8- यदि पंचम भाव में राहू, शुक्र की युति हो तो, वह जातिका यौन रोग, अथवा प्रसव सम्बंधित रोगों से ग्रसित होती है।
9- यदि अष्टम भाव में मेष, कर्क, वृश्चिक, या मीन राशि हो और उसमें राहू स्थित हो तो, जातिका की शल्य क्रिया अवश्य होती है।
10- सप्तम भाव में राहू, शनि, तथा मंगल की युति हो तो, दाम्पत्य जीवन कष्टमय होता है।
11-यदि 8 वें भाव में शनि, राहू, व मंगल हो तो, उस जातिका/ जातक के 80% तलाक की संभावना होती है। अथवा जीवन भर वैचारिक मतभेद रहते हैं।
12- यदि मेष, या वृश्चिक राशि में 8 वें भाव में या दूसरे भाव में राहू पाप ग्रह से युत अथवा दृष्ट हो तो, जातिका का दाम्पत्य जीवन कष्टमय होता है।
13- यदि पंचम भाव में राहू मेष या वृश्चिक राशि का हो अथवा मंगल की दृष्टि हो तो, उस जातिका की संतान की हानि होती है।
14- यदि राहू, गुरु की युति हो तो, जातिका का एक बार गर्भपात होता है।
15- सप्तम भाव में स्थित राहू दाम्पत्य जीवन को कष्टमय कर देता है।
16- यदि दूसरे भाव में धनु राशि का राहू हो तो, जातिका धनवान हो जाती है।
17- एकादश भाव में राहू, शुक्र की युति हो तो जातिका का दाम्पत्य जीवन बहुत दुःखी होता है।
18- यदि शुक्र अथवा गुरु पर राहू की दृष्टि हो तो, जातिका अंतर्जातीय एवं प्रेम विवाह करती है।
19- यदि दूसरे या पंचम भाव में राहू हो तो, उस जातिका का विवाह बहुत कठिनाई से होता है।
20-यदि 8 वें भाव या 11 वें भाव में राहू हो तो, उस जातिका का विवाह तो हो जाता है, किन्तु दाम्पत्य जीवन कष्टप्रद होता है। अथवा अलगाव/तलाक की आशंका अधिक होती है।